उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज एक भव्य कार्यक्रम के साथ आठवें राष्ट्रीय पोषण मिशन का समापन होगा। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कल देहरादून पहुँचने पर आकाशवाणी समाचार से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह मिशन “सुपोषित भारत-स्वस्थ भारत” के संकल्प को मज़बूत करने में मील का पत्थर साबित हुआ है। 2018 में शुरू हुए इस मिशन ने अब तक 140 करोड़ से ज़्यादा गतिविधियाँ संचालित की हैं, जिनमें इस वर्ष के पोषण माह के दौरान आयोजित 20 करोड़ से ज़्यादा कार्यक्रम शामिल हैं।
मंत्री महोदया ने कहा कि इस वर्ष के अभियान में मोटापा नियंत्रण, पोषण एवं शिक्षा, शिशु एवं बाल आहार में सर्वोत्तम पद्धतियाँ, पुरुषों की भागीदारी, वोकल फॉर लोकल और डिजिटल तकनीक के माध्यम से एकीकरण जैसे विषयों पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने आगे कहा कि स्वास्थ्य, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, शिक्षा और आयुष मंत्रालयों के बीच समन्वय ने इस मिशन को एक नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह मिशन जनभागीदारी का एक सशक्त उदाहरण बन गया है और मोटापे के प्रति जागरूकता एक नए जन आंदोलन के रूप में उभरी है।
