रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मलेशिया के कुआलालंपुर में 12वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) में भाग ले रहे हैं। श्री सिंह ‘एडीएमएम-प्लस के 15 वर्षों पर चिंतन और आगे की राह तैयार करना’ विषय पर मंच को संबोधित करेंगे।
ए.डी.एम.एम. दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) के अंतर्गत सर्वोच्च रक्षा परामर्शदात्री एवं सहयोगी निकाय के रूप में कार्य करता है।
रक्षा मंत्री ने कल दूसरी आसियान-भारत रक्षा मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक में भाग लिया। इस अवसर पर बोलते हुए, श्री सिंह ने इस बात पर प्रकाश डाला कि आज की अनिश्चित दुनिया में, जहाँ कई पुरानी मान्यताएँ और अपेक्षाएँ बदल रही हैं, आसियान-भारत संबंध स्थिरता का एक मज़बूत स्तंभ बने हुए हैं। श्री सिंह ने कहा कि आसियान और भारत दोनों ने तेज़ आर्थिक विकास दिखाया है।
उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि समुद्री सुरक्षा भारत-आसियान संबंधों का केंद्रबिंदु है। उन्होंने दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) के सदस्य देशों द्वारा आसियान-भारत समुद्री अभ्यास के दूसरे संस्करण पर सहमति जताने के लिए उनकी सराहना की। रक्षा मंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि समुद्री मार्गों की सुरक्षा देश की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भारत का आधे से ज़्यादा व्यापार दक्षिण चीन सागर और मलक्का जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है।
श्री सिंह ने आसियान के साथ व्यापार संबंधों को और मज़बूत करने के लिए आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते की समीक्षा जल्द पूरी करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में महिलाओं के लिए आसियान-भारत पहल के दूसरे संस्करण का प्रस्ताव रखते हुए, श्री सिंह ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने शांति अभियानों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का एक महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।
उन्होंने एक समर्पित मंच स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा जो दोनों क्षेत्रों के रक्षा थिंक टैंकों के बीच संस्थागत सहभागिता को प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि इससे रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र में भारत और आसियान के बीच रणनीतिक सहयोग और मजबूत होगा।
श्री सिंह ने कहा कि आसियान-भारत समुद्री अभ्यास और अंतर्राष्ट्रीय बेड़ा समीक्षा 2026 भारत में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि ये आयोजन नौसैनिक सहयोग को और मज़बूत करेंगे, अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ाएँगे और समुद्री सुरक्षा, संरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने में मदद करेंगे।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज मलेशिया के कुआलालंपुर में 12वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) के अवसर पर अपने दक्षिण कोरियाई समकक्ष आह्न ग्यू-बैक से मुलाकात की।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, श्री सिंह ने बताया कि उन्होंने न्यूज़ीलैंड की रक्षा मंत्री जूडिथ कॉलिन्स से भी मुलाकात की और उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया। श्री सिंह ने आगे कहा कि उनकी यात्रा रक्षा क्षेत्र में एक दूरदर्शी साझेदारी बनाने के भारत और न्यूज़ीलैंड के साझा दृष्टिकोण की पुष्टि करेगी। श्री सिंह ने वियतनाम के रक्षा मंत्री फान वान गियांग से भी मुलाकात की।
