राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज उत्तराखंड दौरे के तीसरे दिन, नैनीताल में कुमाऊँ विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। समारोह के दौरान स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के छात्रों को पदक प्रदान किए जाएँगे।
राष्ट्रपति आज सुबह नैनीताल स्थित नीम करोली बाबा के आश्रम कैंची धाम में भी दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। कैंची धाम मंदिर प्रबंधन ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर श्रद्धालुओं से आज दोपहर 12 बजे के बाद ही मंदिर आने का आग्रह किया गया है।
इससे पहले कल राष्ट्रपति ने नैनीताल में राजभवन की स्थापना के 125 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में भाग लिया था।
इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि जिस प्रकार राष्ट्रपति भवन स्वतंत्र भारत में गणतंत्र का प्रतीक है, उसी प्रकार राजभवन राज्यों में लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अपने गठन के बाद से उत्तराखंड निरंतर प्रगति और समृद्धि के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य विकास की नई ऊँचाइयों को छूता रहेगा।
