बलरामपुर, 10 नवंबर। छत्तीसगढ़ का बलरामपुर जिला इन दिनों कड़ाके की ठंड की आगोश में है। सुबह और रात के समय शीतलहर का असर तेजी से बढ़ गया है। आज सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज की जाने की संभावना है। ठंडी हवाओं और कोहरे के चलते लोगों ने दिन की शुरुआत अलाव के साथ की।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है। पहाड़ी इलाकों और खुले मैदानों में सुबह के समय धुंध की चादर छाई रही, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हुई। स्कूल जाने वाले बच्चे और सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को ठंड ने खूब सताया।
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग अब गर्म कपड़ों, रजाइयों और हीटरों का सहारा लेने लगे हैं। चाय और सूप की दुकानों पर भीड़ बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि सुबह और देर शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों का उपयोग जरूर करें।
