जगदलपुर, 12 नवंबर । प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ओंकेश चन्द्रवंशी ने आज बुधवार को स्थानीय परिक्षेत्र कार्यालय में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान बस्तर अंचल में पेयजल प्रदाय व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा है कि वर्तमान में प्रगतिरत योजनाओं को तेजी के साथ संचालित कर जल्द पूर्ण किया जाए । साथ ही अंदरूनी ईलाके के आवश्यकता वाले बसाहटों में स्वीकृत हैंडपंप स्थापना कार्य को सुनिश्चित किया जाए। वहीं सुधार योग्य जल प्रदाय योजनाओं का मरम्मत कर समुचित संधारण किया जाए।
प्रमुख अभियंता ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों में अद्यतन प्रगति नहीं लाने वाले तथा काम बंद रखने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध पेनाल्टी लगाने सहित ब्लेक लिस्टेड की कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों को निर्धारित समयावधि में अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के लिए नियमित तौर पर फील्ड भ्रमण कर मॉनिटरिंग किए जाने सहित तकनीकी मापदंडों एवं गुणवत्ता के मानकों का अनुपालन करवाने के निर्देश दिए। बैठक में विभागीय कार्य एवं जल जीवन मिशन के जल प्रदाय योजनाओं, बसाहटों की आबादी के अनुरूप नवीन सोलर ड्यूल पंप स्थापना, एफएटीसी की क्रियाशीलता को देखते हुए हर घर सर्टिफिकेशन, जल जीवन मिशन योजना के कार्यों को पूर्ण करने के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता देने इत्यादि की विस्तृत समीक्षा की गई ।
बैठक में जल जीवन मिशन के अतिरिक्त मिशन संचालक एसएन पाण्डे, मुख्य अभियंता जीएल लखेरा सहित अधीक्षण अभियंता कैलाश मंडरिया एवं बीएन भोयर सहित बस्तर संभाग के सातों जिला के कार्यपालन अभियंता जगदलपुर एचएस मरकाम बीजापुर श एसआर नेताम, दंतेवाड़ा निखिल कवंर, सुकमा विनोद कुमार राम, कोंडागांव एसएन पाण्डेय, नारायणपुर एसके वर्मा और मेकेनिकल खण्ड जगदलपुर बुद्धदेव जोशी तथा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
