धमतरी, 20 नवंबर। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित छठवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 तथा जल संचय जनभागीदारी पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा धमतरी जिले को जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। जिले को पूर्वी क्षेत्र में जल संचय जनभागीदारी 1.0 श्रेणी के अंतर्गत आठवां राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया है।
यह सम्मान धमतरी जिले की जल संरक्षण पहलों, जनभागीदारी आधारित नवाचारों तथा सतत जल प्रबंधन के प्रति बढ़ती जनजागरूकता का प्रमाण माना जा रहा है। कलेक्टर अविनाश मिश्रा के नेतृत्व में जिले में संचालित मां अभियान ने जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस अभियान के अंतर्गत माँ महानदी के उद्गम स्थल सहित सभी जल स्रोतों, तालाबों, कुओं एवं पौराणिक महत्व के स्थलों के संरक्षण, विकास और संवर्धन का कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर मिश्रा ने इस उपलब्धि पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, जल संसाधन विभाग एवं मां अभियान की संपूर्ण टीम को बधाई दी। उन्हाेंने कहा कि यह सम्मान धमतरी की जनता के सामूहिक प्रयास और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।
