जगदलपुर, 26 नवंबर । राज्य शासन द्वारा प्रदेश के डूबान क्षेत्र सहित वन पट्टाधारी और शेष कृषकों के लिए एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन की समय-सीमा में महत्वपूर्ण वृद्धि की गई है। उक्त पंजीयन 30 नवंबर तक होगी। विभाग द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार एकीकृत किसान पोर्टल में कैरी फारवर्ड, डूबान, वन पट्टाधारी कृषकों के पंजीयन की कार्रवाई हेतु अतिरिक्त समय का प्रावधान 30 नवंबर तक समस्त समितियों में समिति लॉगिन पर उपलब्ध करवाने कहा गया है।
इससे पहले कृषकों के कैरीफारवर्ड, नवीन पंजीयन तथा पंजीकृत फसल रकबे में संशोधन की कार्यवाही हेतु अतिरिक्त समय का प्रावधान तहसील लॉगिन में 25 नवंबर तक के लिए किया जा रहा था । बस्तर जिले के कलेक्टर हरिस एस ने बताया कि शासन के निर्णयानुसार एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन की समय-सीमा 30 नवंबर तक बढ़ाते हुए किसानों को राहत प्रदान की गई है। इस नवीनतम समय विस्तार से विशेष तौर पर डूबान और वन पट्टाधारी कृषकों को पंजीयन कराने और अपने फसल रकबे में संशोधन करने के लिए आवश्यक समय मिल जाएगा।
