भारत ने कल रात चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में ओमान को पूल बी के मुकाबले में 17-0 से हराकर पुरुष एफआईएच हॉकी जूनियर विश्व कप 2025 में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दिलराज सिंह ने चार गोल दागे, जबकि मनमीत सिंह और अर्शदीप सिंह ने हैट्रिक लगाकर भारत को लगातार दूसरी बार क्लीन शीट दिलाने में मदद की।
अजीत यादव और गुरजोत सिंह ने दो-दो गोल किए, जबकि इंगलेम्बा लुवांग, अनमोल एक्का और शारदानंद तिवारी ने एक-एक गोल किया। यह शानदार जीत भारत की शुक्रवार को अपने पहले मैच में चिली पर 7-0 की जीत के बाद आई है। दो मैचों में 24 गोल के साथ, भारत अब पूल बी में स्विट्जरलैंड से आगे शीर्ष पर है। इस परिणाम से मेजबान टीम पूल विजेता के रूप में सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुँचने की मज़बूत स्थिति में है। अंतिम आठ में अपनी जगह पक्की करने के लिए उन्हें कल अपने अंतिम ग्रुप मैच में स्विट्जरलैंड के खिलाफ हार से बचना होगा।
