मुंबई 02 दिसंबर। कारोबारी हफ्ते के दूसरे दिन मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार लाल निशान में खुले। शुरुआती मिनटों में बिकवाली हावी रही, खासकर निफ्टी फाइनेंशियल सर्विस, मेटल और रियल्टी सेक्टर्स में दबाव देखने को मिला।
सुबह 9:36 बजे सेंसेक्स 248.33 अंक या 0.29% टूटकर 85,393.57 पर था। निफ्टी भी 62.55 अंक या 0.24% गिरकर 26,113.20 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
निफ्टी बैंक 140.10 अंक या 0.23% फिसलकर 59,541.25 पर रहा। हालांकि, निफ्टी मिडकैप 100 में 0.25% की बढ़त दर्ज की गई और यह 61,196.30 पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.28% गिरकर 17,823.95 पर था।
विशेषज्ञों ने कहा कि बाजार नए रिकॉर्ड स्तरों के करीब कंसोलिडेशन फेज में है और मजबूत जीडीपी आंकड़े तथा नवंबर की दमदार ऑटो सेल्स जैसे संकेतक आने वाले समय में बाजार को नई ऊंचाई पर ले जा सकते हैं। हालांकि, रुपए की कमजोरी एफआईआई निवेश पर दबाव बना रही है।
सेंसेक्स पैक में एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इटरनल, बजाज फिनसर्व और टाटा स्टील प्रमुख लूजर्स रहे, जबकि एशियन पेंट्स, इंफोसिस, भारती एयरटेल, एसबीआई और मारुति सुजुकी में खरीदारी दिखी।
वैश्विक मोर्चे पर एशियाई बाजार मिले-जुले रहे। अमेरिकी बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए। इस बीच, एफआईआई ने 1,171.31 करोड़ रुपये की बिकवाली की, जबकि डीआईआई ने 2,558.93 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
