बिलाईगढ़, 05 दिसंबर। बिलाईगढ़ के भटगांव तहसील कार्यालय में शुक्रवार को टेढ़ीभदरा गांव के सैंकड़ों ग्रामीण पहुंचे और धान पंजीयन रद्द कराने की मांग को लेकर तहसीलदार और एसडीएम को दोबारा ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण पिछले डेढ़ महीनों से कलेक्टर कार्यालय और एसडीएम बिलाईगढ़ के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं मिला है।
70 वर्षों से बसे ग्रामीण, जमीन पर विवाद गहराया
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस जमीन पर वे और उनके पूर्वज 70 वर्षों से रह रहे हैं, उसी भूमि को जगदीश बिंझिया नाम के व्यक्ति ने अपना बताकर कृषि पंजीयन करा लिया। ग्रामीणों के अनुसार यह जमीन मध्यप्रदेश शासन काल के दौरान सिलिंग एक्ट में थी, फिर भी वर्तमान में उसका पर्चा पट्टा जारी कर दिया गया। इसी जमीन पर ग्रामीणों के मकान, बाड़ी और कृषि कार्य होते हैं, जिससे वे अपना गुजर-बसर करते हैं।
