12 दिसंबर। चंडीगढ़ में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 51 रनों से पराजित किया। पांच मैचों की श्रृंखला के इस मैच में 214 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 162 रनों पर सिमट गई और 5 गेंदें शेष रहते हार गई।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। मेहमान टीम की ओर से क्विंटन डी कॉक ने शानदार 90 रन बनाए, जबकि भारत की तरफ से तिलक वर्मा ने 62 रन की पारी खेली।
गेंदबाजी में दक्षिण अफ्रीका के ओटनेल बार्टमैन ने 4 विकेट झटके और भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती ने 2 विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए क्विंटन डी कॉक को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस जीत के साथ पांच मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई।
