17 दिसंबर । इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अंतर्गत इंडियाएआई मिशन ने कृषि में एआई के वास्तविक प्रभाव पर एक संकलन के लिए वैश्विक स्तर पर सुझाव आमंत्रित किए हैं।
यह मिशन महाराष्ट्र सरकार के एआई और एग्रीटेक इनोवेशन सेंटर के सहयोग से मंत्रालय द्वारा चलाया जा रहा है और इसे विश्व बैंक और एक निजी संस्थान का समर्थन प्राप्त है। मीतवाई ने एक बयान में कहा कि इस पहल का उद्देश्य फसल नियोजन को बेहतर बनाने, कृषि कार्यों को सुदृढ़ करने, बाजार तक पहुंच बढ़ाने और किसानों की वित्तीय स्थिरता में सुधार करने वाले लागू और विस्तार योग्य एआई समाधानों का दस्तावेजीकरण करना है।
इस संकलन का उद्देश्य नवप्रवर्तकों, शोधकर्ताओं और विशेषज्ञों को कृषि क्षेत्र में वास्तविक परिस्थितियों में उपयोग किए जाने वाले एआई समाधानों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। मंत्रालय ने बताया कि इसका लक्ष्य एआई की क्षमता को उजागर करते हुए विभिन्न क्षेत्रों और देशों के बीच ज्ञानवर्धन को बढ़ावा देना है।
