जब घर पर छोटी-सी डिनर पार्टी, फैमिली गेट-टुगेदर या कोई खास मौका हो, तो खाने-पीने का मजा अपने आप बढ़ जाता है। ऐसे अवसरों पर हर कोई कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाने की सोचता है। अगर आप अपने पार्टी मेन्यू में कुछ यूनिक और लाजवाब शामिल करना चाहते हैं, तो मशरूम एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। हल्के मसालेदार से लेकर तीखे, ग्रेवी वाली या फ्राई—मशरूम से हर तरह की डिश तैयार की जा सकती है।
अगर आप स्टार्टर या नाश्ते में कुछ चटपटा परोसना चाहते हैं, तो चिली गार्लिक मशरूम एक परफेक्ट ऑप्शन है। इसे बनाने के लिए मशरूम को मैदे के घोल में डुबोकर कुरकुरा तल लें। फिर एक पैन में बारीक कटा लहसुन, हरी मिर्च, प्याज और शिमला मिर्च भूनें। इसमें चिली सॉस, सोया सॉस और सिरका मिलाएं। अब तले हुए मशरूम और नमक डालकर अच्छे से मिक्स करें। इसका तीखा और चटपटा स्वाद पार्टी में सभी को पसंद आता है।
मेन कोर्स में कुछ खास परोसना हो, तो मशरूम पुलाव एक शानदार विकल्प है। बासमती चावल, मशरूम और हल्के मसालों का यह कॉम्बिनेशन बेहद स्वादिष्ट लगता है। पहले चावल को 20 मिनट के लिए भिगो दें। पैन में तेल गर्म कर जीरा, प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट और कटे मशरूम भूनें। फिर मटर, शिमला मिर्च, नमक, हल्दी और गरम मसाला डालें। अब भीगे चावल और पानी डालकर धीमी आंच पर पकाएं। यह पुलाव हर उम्र के लोगों को पसंद आएगा।
रोटी या नान के साथ मशरूम मसाला भी पार्टी के लिए बेहतरीन डिश है। इसके लिए मशरूम को हल्का सा भूनकर अलग निकाल लें। फिर पैन में तेल गर्म कर जीरा, दालचीनी, प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट और टमाटर डालें। धनिया पाउडर, हल्दी और लाल मिर्च डालकर मसाला भूनें। इसके बाद काजू का पेस्ट और नमक मिलाएं। तले हुए मशरूम डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और ढककर पकाएं। इसकी मलाईदार ग्रेवी सभी को खूब पसंद आती है।
अगर समय कम हो और झटपट कुछ टेस्टी बनाना हो, तो मशरूम फ्राई ट्राई करें। पैन में तेल गर्म कर प्याज और हरी मिर्च भूनें। फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट, टमाटर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और गरम मसाला डालें। अंत में मशरूम डालकर तेज आंच पर अच्छी तरह पकाएं। ऊपर से काली मिर्च पाउडर और हरा धनिया डालकर सर्व करें।
पार्टी में ग्रिल्ड या बारबेक्यू फ्लेवर लाना चाहते हैं, तो मशरूम टिक्का एक बढ़िया विकल्प है। मशरूम को दही और मसालों में मैरिनेट कर ग्रिल या पैन में सेक लें। इसका हल्का स्मोकी और मसालेदार स्वाद सभी को पसंद आएगा।
वहीं, डिनर की शुरुआत हल्की और हेल्दी डिश से करना चाहें, तो मशरूम सूप परोसें। मशरूम, प्याज, लहसुन और हल्के मसालों को उबालकर ब्लेंड करें और क्रीमी सूप तैयार करें। यह किसी भी खास डिनर पार्टी की शुरुआत के लिए एकदम परफेक्ट है।
