जगदलपुर, 23 दिसंबर । बस्तर जिला मुख्यालय के नयापारा में स्थित पत्रकार भवन में बस्तर जिला पत्रकार संघ जगदलपुर की वार्षिक आमसभा का आयोजन आज मंगलवार काे किया गया। आमसभा में संघ से जुड़े सभी सदस्यों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की और संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई । आमसभा के दौरान पत्रकार भवन के नवीन उन्नयन एवं विकास योजनाओं की जानकारी दी गई।
भवन में पत्रकारों के लिए बेहतर सुविधा, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा आगामी समय में भवन को और अधिक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप देने पर चर्चा हुई साथ ही पत्रकार हितों को ध्यान में रखते हुए तीन विशेष पुरस्कार प्रारंभ किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया। बैठक में पत्रकारों द्वारा किए जा रहे कार्यों, उनके समक्ष आने वाली समस्याओं तथा संगठनात्मक मजबूती को लेकर सभी सदस्यों से सुझाव लिए गए।
पत्रकारों से जुड़ी भूमि संबंधी विषयों एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। आमसभा के दौरान संघ के सचिव पद से जुड़े विषय पर भी चर्चा हुई, जिसे लेकर सदस्यों ने अपने विचार रखे। इस संबंध में आगे संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत निर्णय लिए जाने की बात कही गई । इस दाैरान बस्तर जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने संगठन की गतिविधियों, भावी योजनाओं और पत्रकार हितों से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और उपस्थित सदस्यों से उनकी राय जानी ।
