बीजापुर, 29 दिसंबर । छत्तीसगढ़ के बीजपुर जिले के भोपालपटनम थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ 214 बटालियन कैंप कांडलापर्ती और जिला बल की संयुक्त टीम ने साेमवार काे सर्चिंग अभियान के दौरान डी माइनिंग कार्रवाई करते हुए कांडलापर्ती रोड से कुछ दूरी पर पगडंडी मार्ग पर नक्सलियों द्वारा लगाया गया करीब पांच किलोग्राम वजनी आईईडी बरामद किया गया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सीआरपीएफ 214 बटालियन की बीडीएस टीम ने मौके पर ही आईईडी को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।
इसके बाद आस-पास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें नक्सलियों का एक डंप भी बरामद हुआ। बरामद डंप से 20 नग पटाखा सुतली बम, वायरलेस सेट की बैटरी, मोबाइल बैटरी और चार्जर, कार्डेक्स वायर व प्रेशर स्विच, माओवादी वर्दी, बिजली के तार, विभिन्न टूल्स, तिरपाल सहित नक्सली दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त की गई।
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षाबलों की सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से नक्सलियों की नापाक साजिश विफल हुई है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से आगे भी सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान जारी है।
