टेक्नोलॉजी की दुनिया में HP ने एक बार फिर सबको चौंका दिया है। अब तक पोर्टेबल पीसी का मतलब लैपटॉप माना जाता था, लेकिन HP की नई पेशकश इस सोच को पूरी तरह बदलने वाली है। कंपनी ने ऐसा कीबोर्ड तैयार किया है, जिसमें पूरा कंप्यूटर ही फिट कर दिया गया है।
HP अपने बिजनेस-फोकस्ड पोर्टफोलियो में जल्द ही HP Eliteboard G1a को शामिल करने जा रही है। पहली नजर में यह एक सामान्य QWERTY कीबोर्ड जैसा दिखता है, लेकिन इसके अंदर पूरा पीसी छिपा हुआ है। इसमें AMD Ryzen प्रोसेसर, स्टोरेज, रैम, माइक्रोफोन और स्पीकर जैसी सभी जरूरी चीजें मौजूद हैं।
इस डिवाइस को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यूजर इसे घर, ऑफिस या किसी भी वर्कस्टेशन पर मॉनिटर से कनेक्ट करके एक फुल-फ्लेज्ड कंप्यूटर की तरह इस्तेमाल कर सकता है। कीबोर्ड में दो USB-C पोर्ट दिए गए हैं, जिनमें से एक मॉनिटर कनेक्शन के लिए और दूसरा एक्सेसरीज के लिए है। HP ने इसका बिल्ट-इन बैटरी वाला वर्जन भी तैयार किया है, जिससे इसे और ज्यादा पोर्टेबल बनाया जा सके।
इस्तेमाल में बेहद आसान
कई लोगों के मन में सवाल हो सकता है कि यह सिर्फ एक कॉन्सेप्ट है या वाकई काम का प्रोडक्ट। HP के मुताबिक, यह खासतौर पर बिजनेस यूजर्स के लिए काफी फायदेमंद होगा। जिन लोगों को बार-बार वर्कस्टेशन बदलना पड़ता है, उन्हें पूरा पीसी शिफ्ट करने की जरूरत नहीं होगी। बस अपना कीबोर्ड साथ रखें और एक केबल से दूसरे सिस्टम से कनेक्ट करके काम शुरू करें।
HP Eliteboard G1a को मार्च में लॉन्च किया जाएगा, हालांकि अभी इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया गया है।
