Screenshot
नई दिल्ली, 12 जनवरी । जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज आज दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंच गए। पद संभालने के बाद यह उनका भारत का पहला आधिकारिक दौरा है। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि चांसलर फ्रेडरिक मर्ज आधिकारिक यात्रा पर अहमदाबाद पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि भारत और जर्मनी के बीच राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष तथा भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि यह दौरा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहा है। दौरे के दौरान चांसलर मर्ज की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात प्रस्तावित है, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ प्रस्तावित बैठक से भारत-जर्मनी साझेदारी को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई है।
