13 जनवरी । हॉकी इंडिया ने इस साल 8 से 14 मार्च तक हैदराबाद में महिला 2026 एफआईएच हॉकी विश्व कप क्वालीफायर की मेजबानी के लिए तेलंगाना सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय हॉकी में भारत की बढ़ती भूमिका और एक प्रमुख खेल मेजबान राज्य के रूप में तेलंगाना के उदय को दर्शाता है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा है कि यह आयोजन खेलों, महिला सशक्तिकरण और हैदराबाद को वैश्विक खेल केंद्र बनाने के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है।
इस टूर्नामेंट में भारत, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, कोरिया, इटली, उरुग्वे, वेल्स और ऑस्ट्रिया सहित आठ टीमें भाग लेंगी। शीर्ष तीन टीमें सीधे एफआईएच हॉकी विश्व कप बेल्जियम और नीदरलैंड 2026 के लिए क्वालीफाई करेंगी, जो 15 से 30 अगस्त तक आयोजित होने वाला है।
एफआईएच अध्यक्ष तैयब इकराम ने इस सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि हैदराबाद एक सिद्ध मेजबान शहर है और प्रशंसक रोमांचक, उच्च गुणवत्ता वाले मैचों की उम्मीद कर सकते हैं। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि यह आयोजन युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा और भारत के हॉकी पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करेगा।
