जांजगीर-चांपा, 26 जनवरी । गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट कार्यालय परिसर में झंडा फहराया। इस अवसर पर सामूहिक रूप से राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का गायन किया गया। कलेक्टर ने जिलेवासियों सहित उपस्थित सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके पश्चात कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था, जो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है।
कलेक्टर ने संविधान में निहित मूल कर्तव्यों की रक्षा करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने दायित्वों का निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए ईमानदारी से कार्य करें और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित कलेक्टर कार्यालय एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
