नई दिल्ली, 28 जनवरी । दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह के समापन के अवसर पर आयोजित होने वाले बीटिंग रिट्रीट समारोह के चलते 29 जनवरी को विजय चौक और उसके आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। यह समारोह विजय चौक पर आयोजित होगा। वहीं राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक और संसद भवन की रोशनी देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार दोपहर 2 बजे से रात 9:30 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे।
इन सड़कों पर नहीं चलेगा आम यातायात
-विजय चौक पूरी तरह आम यातायात के लिए बंद रहेगा।
-रफी मार्ग (सुनहरी मस्जिद से कृषि भवन के बीच)।
-रायसीना रोड (कृषि भवन से विजय चौक की ओर)।
दारा शिकोह रोड, कृष्णा मेनन मार्ग और सुनहरी मस्जिद से विजय चौक की ओर जाने वाले मार्ग, विजय चौक से ‘सी’ हेक्सागन के बीच कर्तव्यपथ।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को रिंग रोड, रिज रोड, अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमल अतातुर्क मार्ग, रानी झांसी रोड और मिंटो रोड जैसे वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।
बस सेवाओं के रूट बदले
समारोह स्थल और इंडिया गेट के आसपास यातायात दबाव को देखते हुए डीटीसी और अन्य सिटी बसों के रूट में भी बदलाव किया गया है। दोपहर 2 बजे से रात 9:30 बजे तक कई बसें अपने सामान्य मार्गों के बजाय पंचशील मार्ग, साइमन बोलिवर मार्ग, वंदे मातरम मार्ग, शंकर रोड, मंदिर मार्ग, कालीबाड़ी मार्ग और सफदरजंग रोड के रास्ते चलाई जाएंगी। कनॉट प्लेस, केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, लाल किला और कश्मीरी गेट की ओर जाने वाली बसों के मार्ग भी बदले रहेंगे। कुछ बसों को शिवाजी स्टेडियम और उद्यान मार्ग पर ही समाप्त किया जाएगा।
पार्किंग की व्यवस्था
बीटिंग रिट्रीट समारोह के बाद विजय चौक पर रोशनी देखने आने वालों के लिए शाम 7 बजे के बाद रफी मार्ग और ‘सी’ हेक्सागन के बीच जल चैनलों के पीछे पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को दें। लोगों से आग्रह किया गया है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं, अतिरिक्त समय लेकर निकलें और ट्रैफिक नियमों व पुलिस के निर्देशों का पालन करें। यातायात से जुड़ी ताज़ा जानकारी के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट, फेसबुक पेज, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप नंबर 8750871493 और हेल्पलाइन नंबर 1095 / 011-25844444 पर संपर्क कर सकते हैं।
