कवर्धा । कवर्धा जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पिपरिया थाना क्षेत्र में चार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक ग्रामीण दंपत्ति को कट्टे की नोक पर लूट लिया। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पिपरिया थाना क्षेत्र के लखनपुर और सेमो गांव के बीच सोमवार को चार अज्ञात बदमाशों ने मोटरसाइकिल सवार ग्रामीण दंपत्ति को निशाना बनाया। जानकारी के मुताबिक दंपत्ति अपने वाहन से गुजर रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार आरोपियों ने सुनसान रास्ते पर उन्हें घेर लिया।
आरोपियों ने पति को देशी कट्टा दिखाकर धमकाया और महिला के गले से सोने की चेन तथा कान की बालियां उतरवा लीं। अचानक हुई इस वारदात से दंपत्ति घबरा गए और आरोपी लूटपाट कर फरार होने लगे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।
