सरकार घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी की 100% आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है और देश में किसी भी एलपीजी वितरक के यहां आपूर्ति में कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। आज दोपहर नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश भर में एलपीजी की घरेलू आपूर्ति सामान्य है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हेराफेरी को रोकने के लिए ओटीपी आधारित घरेलू एलपीजी वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि एलपीजी की वाणिज्यिक आपूर्ति 70% तक बहाल हो गई है। संयुक्त सचिव ने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान को रोकने के लिए सरकार द्वारा उपाय किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 14 मार्च से अब तक 182,000 टन से अधिक एलपीजी की वाणिज्यिक बिक्री दर्ज की गई है।
अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग के दौरान, भारी उद्योग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. हनीफ कुरैशी ने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक ड्राइव रिवोल्यूशन इन इनोवेटिव व्हीकल एनहांसमेंट (पीएम ई-ड्राइव) योजना के तहत इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स के लिए सब्सिडी को दो साल के लिए मार्च 2028 तक बढ़ा दिया है।
बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि फारस की खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि 20400 मीट्रिक टन एलपीजी और 24 नाविकों को ले जा रहा भारतीय ध्वज वाला जहाज जग विक्रम कल कांडला बंदरगाह पहुंचने की उम्मीद है।
