कोलकाता, 24 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को दमदम में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान ने राज्य में परिवर्तन की लहर पर मुहर लगा दी है और पार्टी की जीत का शंखनाद हो चुका है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लंबे समय से बंगाल में बदलाव की जो भावना दिखाई दे रही थी, पहले चरण के मतदान ने उसे स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा के पक्ष में समर्थन देकर सत्ता परिवर्तन का संकेत दे दिया है।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस बंगाल में लोकतंत्र के मंदिर को कुचलने का प्रयास किया गया, उसी बंगाल की जनता ने मतदान के माध्यम से लोकतंत्र का पुनर्निर्माण किया है। उन्होंने मतदाताओं से अगले चरणों में और अधिक मतदान कर विजय ध्वज फहराने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्यभर में एक ही आवाज सुनाई दे रही है कि बंगाल को परिवर्तन चाहिए और भाजपा की सरकार चाहिए। उन्होंने नेताजी सुभाषचंद्र बोस की धरती का उल्लेख करते हुए चुनाव को नई क्रांति का समय बताया। पीएम मोदी ने कहा की याद रखिएगा बंगाल की धरती वीरों की धरती है। पहले चरण के मतदान में तृणमूल के दीपक को बुझा दिया है। बुझने से पहले जैसे दीपक फड़फड़ाता है वैसे ही टीएमसी फड़फड़ा रही है लेकिन दूसरे चरण में विजय ध्वज लहराना है।
सभा में महिलाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस महिला विरोधी दल है, जबकि भाजपा महिला नेतृत्व आधारित विकास मॉडल पर काम करती है। उन्होंने कहा कि बंगाल की बेटियों के सपनों को कुचला नहीं जाने दिया जाएगा और सत्ता में आने के बाद महिलाओं पर हुए अन्याय के हर मामले की फाइल खोली जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, आर्थिक सशक्तिकरण, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में आयुष्मान योजना लागू नहीं है, लेकिन सरकार बनने पर लोगों को ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
मध्यम वर्ग का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर मध्यम वर्ग के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कर राहत, सस्ती डिजिटल सेवाओं और आवास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि दोहरे इंजन की सरकार से विकास तेज होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य में कथित सिंडिकेट राज और उद्योगों की बदहाली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के खोखले वादों और सिंडिकेट व्यवस्था ने कोलकाता सहित पूरे बंगाल के उद्योगों तथा लघु एवं मध्यम उद्यमों को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कारखाने बंद हो रहे हैं, युवाओं को पलायन करना पड़ रहा है और रोजगार के अवसर घट रहे हैं।
दमदम क्षेत्र की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने जलभराव, पुरानी जलनिकासी व्यवस्था और यातायात जाम को गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि दमदम को आधुनिक और सुनियोजित क्षेत्र बनाने की आवश्यकता है, जो केवल भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है।
सभा के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 4 मई को परिणाम आने के बाद तृणमूल कांग्रेस के गुंडों को छिपने की जगह नहीं मिलेगी और जनता उन्हें जवाब देगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर भाजपा के प्रत्याशियों को विजयी बनाएं।
