धमतरी, 25 अप्रैल । शहर के लिमतरा स्थित रिलायंस एवं फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने जिला चिकित्सालय परिसर में शनिवार को विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को इस गंभीर बीमारी से बचाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने पोस्टर, रंगोली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मलेरिया के लक्षण, कारण और रोकथाम के उपायों को सरल भाषा में समझाया।
विद्यार्थियों ने बताया कि मलेरिया एक संक्रामक रोग है, जो संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। दिन हमें याद दिलाता है कि थोड़ी सी सावधानी और स्वच्छता अपनाकर इस बीमारी से बचा जा सकता है। कार्यक्रम में छात्रों ने बताया कि मलेरिया के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, उल्टी और कमजोरी शामिल हैं। समय पर इलाज न मिलने पर यह बीमारी गंभीर रूप ले सकती है। इसलिए लक्षण दिखते ही तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है। बचाव के उपायों पर जोर देते हुए छात्रों ने कहा कि घर और आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरदानी का उपयोग करें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। इसके अलावा, नियमित रूप से फॉगिंग और दवा छिड़काव भी आवश्यक है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “स्वच्छता ही सुरक्षा है” और सामूहिक प्रयास से ही मलेरिया को जड़ से खत्म किया जा सकता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक कर स्वस्थ समाज की ओर प्रेरित करना रहा।
हर साल 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों में इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसके उन्मूलन के प्रयासों को गति देना है। यह दिन इस बात के लिए भी पहचाना जाता है कि मलेरिया के नियंत्रण के लिए किस प्रकार के वैश्विक प्रयास किए जा रहे हैं। मच्छरों के कारण फैलने वाली इस बीमारी में हर साल कई लाख लोग जान गवाँ देते हैं। ‘प्रोटोजुअन प्लाज्मोडियम’ नामक कीटाणु मादा एनोफिलीज मच्छर के माध्यम से फैलते है।
