सूरजपुर, 08 मई। जिले में पुलिस सहायता व्यवस्था को और अधिक तेज एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डॉयल 112 सेवा का ट्रायल शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार को डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर डॉयल 112 वाहन को रवाना किया।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सी-4 रायपुर से प्रारंभिक ट्रायल के लिए एक डॉयल 112 वाहन प्राप्त हुआ है, जिसका कोड “विश्रामपुर-अरपा-1” रखा गया है। यह वाहन विश्रामपुर क्षेत्र में 24 घंटे सातों दिन सक्रिय रहकर आम लोगों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराएगा। दुर्घटना, आपात स्थिति और अपराध संबंधी मामलों में तत्काल मदद पहुंचाने के उद्देश्य से यह सेवा शुरू की गई है।
डीआईजी-एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि आगामी दिनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए डॉयल 112 के 12 और वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसके बाद यह सेवा पूरे जिले में सुचारू रूप से संचालित होगी।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, एसडीओपी राजेश जोशी, डीएसपी अनूप एक्का, रीना नीलम कुजूर, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप सहित जिले के थाना और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
