केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार भारत की सीमाओं को सुरक्षित करेगी और राष्ट्रीय सुरक्षा में मौजूद सबसे बड़ी खामी को दूर करेगी।
कल कोलकाता में पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि भाजपा की जीत हमारे संगठन के विस्तार या विचारधारा की पुष्टि के बारे में नहीं है, बल्कि यह देश की राष्ट्रीय सुरक्षा में मौजूद सबसे बड़ी खामी को दूर करने के बारे में है।
उन्होंने कहा कि असम, त्रिपुरा और अब पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकारों के साथ, हम सीमा को एक अभेद्य किले में बदल देंगे। श्री शाह ने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार के तहत पश्चिम बंगाल में घुसपैठ और गायों की तस्करी असंभव हो जाएगी।
गृह मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सोनार बांग्ला परियोजना को साकार करने और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने का आग्रह किया। उन्होंने “तुष्टीकरण की राजनीति” को नकारने और टीएमसी के 15 वर्षों के शासन को समाप्त करने के लिए बंगाल के मतदाताओं को धन्यवाद दिया।
