जब भी हम फोन में कोई नई ऐप इंस्टॉल करते हैं, वह कैमरा, माइक्रोफोन, कॉन्टैक्ट्स, SMS और कई दूसरी परमिशन मांगती है। इनमें कुछ परमिशन ऐप के सही तरीके से काम करने के लिए जरूरी होती हैं, लेकिन कई बार ऐप्स गैर-जरूरी एक्सेस भी मांगती हैं। ज्यादातर लोग बिना ध्यान दिए सभी परमिशन Allow कर देते हैं, जो आपकी प्राइवेसी और सिक्योरिटी के लिए खतरा बन सकता है। आइए जानते हैं किन परमिशन को देते समय सबसे ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए।
Accessibility Permission से रहें सावधान
Accessibility फीचर खास तौर पर दिव्यांग यूजर्स की मदद के लिए बनाया गया है। इसकी मदद से फोन टेक्स्ट पढ़कर सुनाने और दूसरी सहायक सुविधाएं देता है। लेकिन अगर किसी अनजान या संदिग्ध ऐप को यह परमिशन मिल जाए तो वह आपकी स्क्रीन पर होने वाली हर गतिविधि देख सकती है। इससे पासवर्ड, मैसेज और बैंकिंग जानकारी तक चोरी होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए जरूरत न हो तो Accessibility Permission देने से बचना चाहिए।
“Appear on Top” परमिशन भी हो सकती है खतरनाक
यह परमिशन अलग-अलग फोन्स में “Display Over Other Apps” या “Draw Over Other Apps” नाम से भी दिखाई देती है। इसकी मदद से कोई ऐप दूसरी ऐप के ऊपर अपना कंटेंट दिखा सकती है। हालांकि कुछ ऐप्स के लिए यह फीचर जरूरी होता है, लेकिन गलत हाथों में जाने पर इसका दुरुपयोग हो सकता है। साइबर अपराधी नकली बैंकिंग या सोशल मीडिया लॉग-इन स्क्रीन दिखाकर आपकी निजी जानकारी चुरा सकते हैं।
Install Unknown Apps फीचर बढ़ा सकता है खतरा
यह परमिशन ऐप्स को Google Play Store के बाहर से APK फाइल इंस्टॉल करने की अनुमति देती है। कई बार साइबर अपराधी इसी रास्ते से मालवेयर और फर्जी ऐप्स फैलाते हैं। इसलिए किसी अनजान वेबसाइट या संदिग्ध लिंक से ऐप डाउनलोड करने से बचना चाहिए और “Install Unknown Apps” फीचर को जरूरत पड़ने पर ही ऑन करें।
Contacts और SMS Access सोच-समझकर दें
कई बार साधारण टॉर्च या फोटो एडिटिंग ऐप्स भी Contacts और SMS की परमिशन मांगती हैं, जबकि उन्हें इसकी जरूरत नहीं होती। कॉन्टैक्ट्स में फोन नंबर, ईमेल और दूसरी निजी जानकारी मौजूद होती है। वहीं SMS में बैंक OTP और निजी बातचीत जैसी संवेदनशील जानकारी रहती है। अगर यह डेटा गलत हाथों में पहुंच जाए तो इसका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। इसलिए केवल भरोसेमंद ऐप्स को ही यह एक्सेस दें।
ऐप इंस्टॉल करते समय रखें ये बातें ध्यान में
किसी भी ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसकी जरूरत और मांगी गई परमिशन जरूर चेक करें। अगर कोई ऐप अपने काम से ज्यादा एक्सेस मांग रही है तो उसे Deny करना बेहतर है। थोड़ी सी सावधानी आपके फोन और निजी डेटा को बड़े खतरे से बचा सकती है।
