WASHINGTON DC, UNITED STATES - JUNE 18: United States Secretary of State Marco Rubio meets with Norwegian Foreign Minister Barth Eide (not seen) at the Department of State in Washington DC, United States on June 18, 2025. (Photo by Celal Gunes/Anadolu via Getty Images)
25 मई । अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत के चार दिवसीय दौर पर हैं। आज सोमवार को वह जयपुर जा रहे हैं, जिसके लिए शहर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं और सुरक्षा के भी खास इंतजाम किए जा रहे हैं।
यह रुबियो की जयपुर की पहली यात्रा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, रुबियो दोपहर करीब दो बजे जयपुर पहुंचेंगे और 26 मई (मंगलवार) सुबह 6:30 बजे वहां से रवाना होंगे। अपने दौरे के दौरान वे आमेर किले का दौरा भी कर सकते हैं। उपमुख्यमंत्री दीया कुमार आमेर फोर्ट में उनका स्वागत करेंगी। बताया जा रहा है कि वे करीब तीन बजे वहां पहुंचेंगे। किले के अंदर जलेब चौक में स्वागत समारोह की तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं।
राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति दिखाने के लिए लोक कलाकारों और सांस्कृतिक दलों को भी बुलाया जा रहा है, ताकि स्वागत के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जा सकें।
इस हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए जयपुर जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारी यात्रा मार्ग, कार्यक्रम स्थलों और ठहरने की जगहों का निरीक्षण कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां होटलों, पर्यटन स्थलों और वीवीआईपी मूवमेंट वाले इलाकों पर खास नजर बनाए हुए हैं।
रुबियो की यात्रा के दौरान ट्रैफिक और भीड़ को संभालने के लिए भी खास प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि लोगों को ज्यादा परेशानी न हो और आवाजाही सुचारू रहे। शहर की सफाई, लाइटिंग और सुंदरता बढ़ाने का काम भी तेज कर दिया गया है, खासकर आमेर पैलेस के आसपास।
रुबियो 23 से 26 मई तक चार दिन के भारत दौरे पर हैं। इस दौरान वे कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली का दौरा कर रहे हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और रणनीतिक मामलों में सहयोग को और मजबूत करना है।
वे अपने दौरे के दौरान कई उच्च स्तरीय बैठकों और कूटनीतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा ले सकते हैं। नई दिल्ली में होने वाली क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
अधिकारियों का कहना है कि सभी प्रशासनिक विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि रुबियो की जयपुर यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी या रुकावट न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलें।
पिछले साल 21 से 24 अप्रैल के बीच अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी अपने परिवार के साथ जयपुर आए थे। उस दौरान उन्होंने आमेर फोर्ट समेत कई पर्यटन स्थलों का दौरा किया था और शहर में एक कार्यक्रम को संबोधित भी किया था।
