22 जून । सोमवार को घरेलू शेयर बाजार मजबूती के साथ कारोबार करता दिखा। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने के संकेतों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिला।
सुबह के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 400 अंकों से अधिक यानी 0.54 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,223 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 100 अंकों से ज्यादा यानी 0.51 प्रतिशत बढ़कर 24,137 पर कारोबार करता दिखा।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा तेजी रही, जिसमें 1 प्रतिशत से अधिक उछाल दर्ज किया गया। इसके अलावा निफ्टी मिडस्मॉल आईटी एंड टेलीकॉम और निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स में करीब 0.8 प्रतिशत की बढ़त देखी गई।
कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, फाइनेंशियल सर्विसेज, मीडिया और मेटल सेक्टर के शेयर भी हरे निशान में कारोबार करते दिखे। वहीं ऑटो, फार्मा, रियल्टी और एफएमसीजी सेक्टर में भी हल्की बढ़त दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में लगभग सभी सेकोरल इंडेक्स सकारात्मक रुख में रहे।
हालांकि गिरावट वाले शेयरों में इंडिगो, टाइटन, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल शामिल रहे।
बैंकिंग सेक्टर, खासकर बैंक निफ्टी से जुड़े शेयर, बुनियादी तौर पर मजबूत बने हुए हैं।
कमोडिटी बाजार में ब्रेंट क्रूड 2 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 78.74 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड 3 प्रतिशत टूटकर 74.98 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।
