format: 0; filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; captureOrientation: 0; runfunc: 0; algolist: 0; isCameraSense: false; multi-frame: 1; brp_mask:0; brp_del_th:0.0000,0.0000; brp_del_sen:0.0000,0.0000; motionR: 0; delta:1; bokeh:1; module: photo;hw-remosaic: false;touch: (0.5384921, 0.3425356);sceneMode: 12582912;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 293.0;aec_lux_index: 0;albedo: ;confidence: ;motionLevel: -1;weatherinfo: weather?null, icon:null, weatherInfo:100;temperature: 37;zeissColor: bright;
धमतरी, 21 जुलाई धमतरी जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने होटल, ढाबा, लॉज, धर्मशाला, किरायेदार और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को नई गति दी है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत जिले में निवासरत बाहरी व्यक्तियों, संदिग्ध किरायेदारों, अवैध प्रवासियों तथा असामाजिक तत्वों की पहचान और सत्यापन पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय एवं नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी ने नगर निगम के सभापति, एल्डरमेन, पार्षदों, सरपंचों, कोटवारों और अन्य स्टेकहोल्डर्स की सोमवार की देर शाम महत्वपूर्ण बैठक लेकर जनसहभागिता के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था केवल पुलिस की सतर्कता से नहीं बल्कि जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से मजबूत होती है। पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित सूचना तंत्र तथा सामुदायिक सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाकर सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त धमतरी का निर्माण संभव है। इसी उद्देश्य से सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्र में जारी निवास प्रमाण-पत्रों का व्यवस्थित अभिलेख रखने, नए अथवा संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने, पंचायत भवन, वार्ड कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस के जन-जागरूकता पोस्टर लगाकर टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में राइस मिल, फैक्ट्री, पोल्ट्री फार्म, निर्माण कार्यों के ठेकेदारों और अन्य संस्थानों को अपने यहां कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी एवं मजदूर का आधार कार्ड तथा पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराकर पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने, सभी मकान मालिकों को किरायेदारों का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने तथा होटल, लॉज एवं धर्मशाला संचालकों को प्रत्येक आगंतुक का वैध पहचान पत्र लेकर उसका विवरण रजिस्टर में दर्ज करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के ठहरने की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र में आने वाले फेरी वाले, बर्तन या सोना चमकाने वाले, घूमंतू साधु-बाबाओं एवं अन्य भ्रमणशील व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
अधिकारियों ने वार्ड एवं ग्राम स्तर पर नागरिकों को जागरूक करने, अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नए व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने तथा प्रत्येक वार्ड और गांव के संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अवैध शराब बिक्री, नशे के कारोबार, जुआ-सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना पुलिस से साझा करने पर विशेष बल दिया। बैठक में बताया गया कि अवैध प्रवासियों, संदिग्ध व्यक्तियों और अन्य अवैधानिक गतिविधियों की सूचना प्राप्त करने के लिए धमतरी पुलिस ने टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है। इस नंबर पर प्राप्त प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
बैठक में उपस्थित पार्षदों, सरपंचों, कोटवारों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने धमतरी पुलिस के नशामुक्ति अभियान, अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई, होटल-लॉज चेकिंग, किरायेदार सत्यापन तथा जनसहभागिता आधारित सुरक्षा अभियान की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने तथा पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षित, अपराधमुक्त और नशामुक्त धमतरी के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की सहमति व्यक्त की।
