रायपुर, 04 अगस्त । छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी की ओर से संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान का शुभारंभ आज मंगलवार से होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुबह 11 बजे रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भाजपा के 36 संगठनात्मक जिलाध्यक्षों को वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं जलयुक्त कलश वितरित करेंगे। इन कलशों के माध्यम से प्रदेशभर में कलश वंदन अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत शिरोमणि रविदास के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है।
