रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारतीय रेलवे हर वर्ष लगभग 58 करोड़ भोजन परोसता है और भोजन की गुणवत्ता से संबंधित शिकायतों की संख्या नगण्य है।
लोकसभा में एक लिखित उत्तर में श्री वैष्णव ने बताया कि पिछले तीन वर्ष में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी शिकायतों पर आईआरसीटीसी ने कड़ी कार्रवाई की है। इसके तहत पांच करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया, 54 कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, छह अनुबंध समाप्त किए गए और नियमों का उल्लंघन करने वाले लाइसेंसधारकों को प्रतिबंधित भी किया गया।
रेल मंत्री ने बताया कि भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षा और नियामकीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे, आईआरसीटीसी तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा नियमित और औचक निरीक्षण किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि भोजन तैयार करने की प्रक्रिया की बेहतर और वास्तविक समय में निगरानी के लिए पेंट्री में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
