जोहान्सबर्ग, दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने कहा है कि वह अपने देश की घरेलू टी20 लीग, एसए20 में विश्व के कुछ बड़े खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का और इंतजार नहीं कर सकते।
ब्रेविस ने लीग द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, मुझे लगता है कि यह टूर्नामेंट अद्भुत होने वाला है। सभी बड़े खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका में आने वाले हैं, क्रिकेट बहुत मजबूत होने वाला है। यह बहुत प्रतिस्पर्धी होने वाला है। लोगों को तैयार रहना चाहिए, क्योंकि बहुत सारी आतिशबाजी होने वाली हैं। मैं एसए20 में बड़े खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का और इंतजार नहीं कर सकता।”
ब्रेविस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उनकी बल्लेबाजी स्टाइल दिग्गज एबी डिविलियर्स के समान होने के कारण उन्हें बेबी एबीका उपनाम दिया गया है। उन्होंने बहुत ही कम समय में अपने रिकॉर्ड-तोड़ कारनामों से विश्व स्तर पर क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित किया है।
ब्रेविस ने पिछले साल कैरेबियन में आईसीसी अंडर -19 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया और टूर्नामेंट में 506 रन बनाकर सबसे अधिक रन बनाने के मामले में भारत के शिखर धवन के सर्वकालिक रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
एमआई केपटाउन ने 10 जनवरी से शुरु हो रहे आगामी एसए20 में ब्रेविस को अपनी टीम में शामिल किया है।
ब्रेविस ने कहा, यह एक सपने के सच होने जैसा है। मुंबई इंडियंस और अब एमआई केप टाउन का प्रतिनिधित्व करना और बड़े मंच पर खेलने में सक्षम होना हमेशा मेरा सपना रहा है।
एसए20 10 जनवरी से 11 फरवरी, 2023 तक होगा, लेकिन यह 25 जनवरी से 1 फरवरी तक बाधित रहेगा क्योंकि दक्षिण अफ्रीका तीन विश्व कप सुपर लीग एकदिवसीय मैचों के लिए इंग्लैंड की मेजबानी करेगा। एसए20 का फाइनल 11 फरवरी को खेला जाएगा।
लीग में छह क्लब प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, जिनमें एमआई केप टाउन, डरबन सुपर जायंट्स, जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स, पार्ल रॉयल्स, प्रिटोरिया कैपिटल और सनराइजर्स ईस्टर्न केप शामिल हैं।
