कोलकाता, 27 अगस्त । नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन से मची तबाही के बीच भारत ने राहत और बचाव अभियान के लिए 10 टन मानवीय सहायता और जरूरी दवाइयां भेजी हैं। भारत की ओर से भेजी गई राहत सामग्री काठमांडू पहुंच चुकी है और राहत अभियान को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सहायता भी जुटाई जा रही है। केंद्रीयमंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने इस मानवीय सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है।
गुरुवार सुबह एक्स संदेश में उन्होंने कहा कि संकट की हर घड़ी में भारत अपने मित्र देशों के साथ मजबूती से खड़ा रहा है और नेपाल के इस कठिन समय में भी भारत ने संवेदना, एकजुटता और मानवीय भावना के साथ मदद का हाथ बढ़ाया है।
मजूमदार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत नेपाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने इसे भारतीय परंपरा ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ यानी पूरी दुनिया को एक परिवार मानने की भावना से जोड़ा।
सुकांत मजूमदार ने कहा कि विपदा की इस घड़ी में भारत नेपाल और उसके लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है।
