बलरामपुर, 01 सितंबर । बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में इन दिनों हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है। बीते कई दिनों से झारखंड की सीमा पार कर कुल 10 हाथी क्षेत्र में पहुंचे हैं। इनमें सात हाथियों का एक दल है, जबकि तीन लोनर हाथी अलग-अलग विचरण कर रहे हैं। हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड पर है और ग्रामीणों को सावधानी बरतने की समझाइश दी जा रही है।
फिलहाल हाथियों का विचरण फुलवार, छतवा, शिवपुर, चीनिया और टकिया क्षेत्र में बताया जा रहा है। हाथियों की गतिविधियों पर वन विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए लोगों को जंगल और हाथी विचरण वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
रामानुजगंज रेंजर डॉ. दिलरुबा बानो ने बताया कि, रामानुजगंज वन परिक्षेत्र का इलाका हाथियों के लिए धीरे-धीरे अनुकूल बनता जा रहा है। यही वजह है कि हाथियों का आवागमन इस क्षेत्र में लगातार देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि हाथी विचरण वाले क्षेत्रों में वन विभाग की टीम लगातार मुनादी करा रही है और ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
वन विभाग की ओर से गांवों में लगातार प्रचार-प्रसार कर लोगों को हाथियों की गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि हाथियों को देखकर उनके करीब जाने या उन्हें परेशान करने की कोशिश न करें। वन विभाग का कहना है कि ग्रामीणों का सहयोग मिलने से हाथियों और लोगों के बीच टकराव की स्थिति को कम करने में मदद मिल रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर सावधानी बरतें और किसी भी तरह की स्थिति बनने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें। फिलहाल विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है।
