काठमांडू, 16 सितंबर । नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और नेपाल में अमेरिकी कार्यवाहक राजदूत मेगन बोल्डिन के बीच बुधवार को मुलाकात हुई।
सिंहदरबार स्थित प्रधानमंत्री एवं मंत्रिपरिषद कार्यालय में हुई शिष्टाचार मुलाकात में प्रधानमंत्री शाह ने आपदा की इस कठिन परिस्थिति में नेपाल के प्रति अमेरिकी सरकार की एकजुटता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आपदा से नेपाली नागरिकों के साथ-साथ विदेशी नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। प्रधानमंत्री ने इसे जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से जुड़ी घटना बताया।
शाह ने जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न आपदा के जोखिम को कम करने और उसके प्रभावों से निपटने के लिए वैश्विक सहयोग और सामूहिक प्रयासों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में नेपाल की विशिष्ट पर्यटन संभावनाओं और पर्यटन क्षेत्र के विकास के माध्यम से दोनों देशों के लिए पारस्परिक लाभ हासिल करने के अवसरों पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री शाह ने कहा कि नेपाल अमेरिकी निवेश का हमेशा स्वागत करेगा।
कार्यवाहक राजदूत मेगन बोल्डिन ने रसुवा में आई बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों और प्रभावित समुदायों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में अमेरिकी सरकार नेपाल सरकार और नेपाली जनता के साथ एकजुटता के साथ खड़ी है। उन्होंने राहत, पुनर्स्थापना और पुनर्निर्माण के प्रयासों में आवश्यक सहयोग और समन्वय करने के लिए अमेरिकी सरकार की तत्परता की भी जानकारी दी।
