नई दिल्ली, 21 सितंबर । भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने 22 सितंबर को कैंपस बचाओ यात्रा की शुरुआत करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के माध्यम से वे “जवाबदेह डीयू: जवाबदेह डूसू” घोषणापत्र में उठाए गए छात्र मुद्दों को सामने रखेंगे।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) में एनएसयूआई के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विजय शंकर मीणा ने सोमवार को आर्ट फैकल्टी, नॉर्थ कैंपस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए घोषणा की कि वह 22 सितंबर से ‘कैंपस बचाओ यात्रा’ की शुरुआत करेंगे। इसके माध्यम से वे “जवाबदेह डीयू: जवाबदेह डूसू” घोषणापत्र में उठाए गए छात्र मुद्दों को सामने रखेंगे और दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन तथा दिल्ली सरकार से जवाबदेही की मांग करेंगे।
विजय शंकर मीणा ने कहा कि एनएसयूआई ने अपने घोषणापत्र में दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया था। अब कैंपस बचाओ यात्रा के माध्यम से इन मुद्दों को सीधे छात्रों के बीच लेकर जाएंगे और उनके समाधान के लिए अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
दिल्ली सरकार के 10 हजार छात्रों के लिए हॉस्टल बनाने की घोषणा का उल्लेख करते हुए मीणा ने कहा कि अब सरकार को इस घोषणा के क्रियान्वयन के लिए ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार ये बताए कि हॉस्टल कहां बनाए जाएंगे, निर्माण कब शुरू होगा और छात्रों को यह सुविधा कब तक उपलब्ध कराई जाएगी।
मीणा ने कहा कि छात्रों को केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि स्पष्ट कार्ययोजना और निश्चित समयसीमा चाहिए। यदि सरकार ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करने में विफल रहती है और छात्रों के आवास के मुद्दे पर प्रभावी कदम नहीं उठाती, तो एनएसयूआई छात्रों के साथ मिलकर मुख्यमंत्री आवास का शांतिपूर्ण घेराव करेंगे।
