धमतरी, 28 सितंबर । जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में राज्य शासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई मार्ग के धमतरी-नगरी हिस्से के 60.20 किलोमीटर मार्ग के मजबूतीकरण कार्य के लिए 62 करोड़ 85 लाख 82 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति से धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई क्षेत्र को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग के सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हुआ है। यह परियोजना धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई क्षेत्र में आवागमन और विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
धमतरी से नगरी, सिहावा और बोराई को जोड़ने वाला यह मार्ग जिले के ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क के मजबूतीकरण से नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। सड़क की स्थिति में सुधार होने से यात्रियों के समय और यात्रा लागत में कमी आने के साथ यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारू होने की उम्मीद है। बेहतर सड़क संपर्क का सीधा लाभ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा।
किसानों को कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने, ग्रामीण क्षेत्रों के स्थानीय उत्पादों के परिवहन तथा वनांचल क्षेत्रों में उत्पादित सामग्री को प्रमुख बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। नगरी और सिहावा क्षेत्र के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी। राज्य शासन द्वारा मजबूत, गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ सड़क नेटवर्क विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क अधोसंरचना के उन्नयन, गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए प्रयास जारी है।
बेहतर सड़क से बढ़ेंगे विकास के अवसर
धमतरी-नगरी मार्ग के सुदृढ़ीकरण से केवल आवागमन बेहतर नहीं होगा, बल्कि क्षेत्र में विकास के नए अवसर भी बढ़ेंगे। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापारिक गतिविधियों, कृषि आधारित परिवहन, स्थानीय बाजारों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलने की संभावना है। ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के नागरिकों को जिला मुख्यालय तथा अन्य प्रमुख केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा होगी। इस मार्ग के मजबूतीकरण से खराब सड़क के कारण होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
महापौर ने जताया आभार
महापौर नगर निगम धमतरी रामू रोहरा ने धमतरी-नगरी मार्ग के 60.20 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 62 करोड़ 85 लाख 82 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव तथा राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति जिले की सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा व्यापार, कृषि और अन्य आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
कलेक्टर ने गुणवत्ता और समयबद्धता को बताया प्राथमिकता
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि मार्ग के सुदृढ़ीकरण से धमतरी से नगरी, सिहावा और बोराई सहित ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क से कृषि उपज, स्थानीय उत्पादों और आवश्यक वस्तुओं के परिवहन में सुविधा होगी। उन्हाेंने कार्य के दौरान गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को प्राथमिकता देने तथा निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। धमतरी-नगरी मार्ग का मजबूतीकरण पूरा होने के बाद जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलने के साथ कृषि, व्यापार, परिवहन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
