oplus_2097152
बलरामपुर, 30 सितंबर। जिले के रामानुजगंज के वार्ड क्रमांक 2 निवासी गौरव कुमार गुप्ता ट्रांसपोर्टिंग का काम करते हैं। उन्हें 80 रुपये लीटर डीजल दिलाने का झांसा देकर 1 लाख 8 हजार रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। गौरव के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को रामानुजगंज-बलरामपुर में चल रहे एनएच निर्माण कार्य में मशीन का ऑपरेटर बताया और मशीन में बचा डीजल 80 रुपये लीटर में देने की बात कही।
गौरव ने बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति ने उन्हें 12वीं बटालियन के पास स्थित पेट्रोल पंप जाने और वहां डीजल भरवाने के बाद मैनेजर से बात कराने को कहा। इसके बाद वह अपनी पिकअप में गैलन और ड्रम लेकर पेट्रोल पंप पहुंचे। संबंधित व्यक्ति के कहने पर पिकअप में 1353 लीटर डीजल भरवा लिया गया।
इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने भुगतान के नाम पर गौरव को दो क्यूआर कोड भेजे और उसमें रकम भेजने के लिए कहा। गौरव के मुताबिक, उन्होंने फोन-पे के माध्यम से छह किश्तों में कुल 1 लाख 8 हजार रुपये भेज दिए। रकम भेजे जाने के बाद संबंधित व्यक्ति ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। बाद में फोन करने पर भी उसने कॉल रिसीव नहीं किया।
ठगी का एहसास होने के बाद गौरव ने मंगलवार शाम 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है।
