Google ने अपने Gemini 4 मॉडल श्रृंखला की शुरुआत के लिए एक नया उन्नत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) मॉडल पेश किया है। कंपनी ने इसे ऐसे समय में पेश किया है जब वह Anthropic और OpenAI जैसी कंपनियों के मुकाबले AI क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
Google के प्रवक्ता के अनुसार नए मॉडल का नाम “Argon” है। यह कंपनी के पिछले उन्नत “Pro” मॉडल की तुलना में बड़ा है और जटिल कामों के लिए अब तक का Google का सबसे सक्षम मॉडल है।
कंपनी ने कहा कि Argon ने कोडिंग और साइबर सुरक्षा से जुड़े कुछ प्रमुख परीक्षणों में OpenAI के Astra और Anthropic के Opus जैसे अग्रणी AI मॉडलों के बराबर प्रदर्शन किया है। हालांकि, Google के अपने आंकड़ों के मुताबिक कुछ अन्य मानकों पर Argon इन मॉडलों से पीछे रहा। कंपनी द्वारा जारी चार कोडिंग परीक्षणों में से दो में भी वह बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाया।
Google ने फिलहाल Argon को कुछ चुनिंदा साइबर सुरक्षा साझेदारों को उपलब्ध कराया है। कंपनी अमेरिकी प्रशासन की उस स्वैच्छिक प्रक्रिया में भी शामिल है, जिसके तहत नए AI मॉडलों को सार्वजनिक रूप से जारी करने से पहले कुछ चुनिंदा पक्षों को उनकी पहुंच दी जाती है। Google ने Argon के सार्वजनिक रूप से जारी होने की कोई समयसीमा नहीं बताई है।
कंपनी ने यह भी पुष्टि की है कि अब वह Gemini 3.5 Pro जारी नहीं करेगी। Google के CEO सुंदर पिचाई ने पहले इसे जून में जारी करने की बात कही थी।
Gemini मॉडल की नई पीढ़ी में देरी के बीच Google ने अपने DeepMind AI प्रयोगशाला में भी बड़े बदलाव किए। कंपनी के अनुसार इस दौरान DeepMind के संस्थापक और CEO डेमिस हसाबिस ने अपनी भूमिका बदली और Gemini मॉडल से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी कंपनी से अलग हो गए।
Reuters के अनुसार, AI मॉडल की रिलीज में महीनों की देरी के दौरान Anthropic और OpenAI ने अपने प्रमुख मॉडलों में लगातार नए संस्करण जारी किए। इससे Google पर AI क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा तेज करने का दबाव बढ़ा है।
हालांकि, जुलाई में पिचाई ने इस धारणा को खारिज किया था कि Google AI की दौड़ में पीछे रह गया है। पिछले कुछ महीनों में कंपनी ने अपने AI मॉडलों की अत्याधुनिक क्षमताओं के साथ-साथ उनकी कम लागत को भी प्रमुखता से पेश करना शुरू किया है।
