वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि वैश्विक बागवानी केंद्र से रायलसीमा के किसानों को फायदा होगा। उन्होंने कल आंध्र प्रदेश-अन्नमय्या जिले के मदनपल्ले में वैश्विक बागवानी केंद्र और भारतीय कृषि विद्यालय की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी मौजूद थे।
वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर आंध्र प्रदेश में बागवानी को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने किसानों के लिए बेहतर पानी, आधुनिक तकनीक और अच्छी सुविधाओं की जरूरत बताई। उन्होंने पीएम-किसान, फसल बीमा और पीएम-कुसुम जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया। वित्त मंत्री ने कहा कि भारतीय कृषि विद्यालय किसानों को नई तकनीक और खेती के बेहतर तरीकों की जानकारी देगा। वैश्विक बागवानी केंद्र में 10 जिले शामिल होंगे। यहां आम, केला, टमाटर और अनार जैसी फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा। इस परियोजना को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। इसमें करीब एक लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
