नई दिल्ली, 05 अक्टूबर । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के 50,000 पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा का शुभारंभ किया। पहल की शुरुआत सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत केदारनाथ साहनी सभागार में की गई। उन्होंने कहा कि पहले इलाज का खर्च अपनी जेब से देना पड़ता था और अदायगी के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था, अब हमारी सरकार की नई कैशलेस व्यवस्था से इलाज के समय न भुगतान की चिंता होगी, न कागजों के लिए भटकना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष दिल्ली की सेवा में लगाए, उन्हें इस उम्र में इलाज के खर्च की चिंता न करनी पड़े, यह हमारी जिम्मेदारी है। अब सूचीबद्ध अस्पतालों में आपातकालीन, नियोजित और गैर-आपातकालीन उपचार के साथ चिकित्सा टेस्ट भी कैशलेस होंगे।
इस मौके पर दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, महापौर प्रवेश वाही, दिल्ली सरकार के प्रमुख सचिव राजीव वर्मा, दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सज्जन सिंह यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि इस महत्वपूर्ण पहल के माध्यम से दिल्ली जल बोर्ड के पेंशनर्स एवं उनके परिवारों को उपचार के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में अधिक सुविधा और सरलता मिलेगी।
महापौर ने कहा कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देने वाली दिल्ली सरकार की यह पहल सराहनीय है। कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं उन्हें बेहतर और सुगम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
