प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार सुबह करीब 10 बजे नई दिल्ली के यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) के 10वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। दूरसंचार विभाग और सेलुलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COAI) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम 7 से 10 अक्टूबर तक चलेगा।
चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित होगा आयोजन
IMC 2026 का विषय ‘सीमाओं से परे विस्तार’ रखा गया है। यह थीम डिजिटल नवाचार, अगली पीढ़ी की कनेक्टिविटी और प्रौद्योगिकी आधारित विकास में भारत की बढ़ती ताकत को रेखांकित करती है। आयोजन के चार मुख्य स्तंभ हैं—‘सृष्टि: भविष्य का निर्माण’, ‘संवर्धन: विकास को गति देना’, ‘सशक्त: अवसरों का विस्तार’ और ‘सुरक्षा: विश्वास का सुदृढ़ीकरण’। ये स्तंभ नवाचार, अगली पीढ़ी के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीक आधारित आर्थिक विकास, समावेशी डिजिटल पहुंच और सुरक्षित डिजिटल इकोसिस्टम पर जोर देंगे।
5G से 6G और क्वांटम तक, नए क्षेत्रों का विस्तार
इस साल के संस्करण में नौ प्रमुख सेक्टर शामिल किए गए हैं। इनमें 5G और 6G, अगली पीढ़ी के एआई नेटवर्क, सेमीकंडक्टर, गैर-स्थलीय नेटवर्क, साइबर सुरक्षा, क्वांटम कम्युनिकेशन, उद्यम परिवर्तन, चक्रीय अर्थव्यवस्था और ईएसजी के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण शामिल हैं। इसके अलावा स्मार्ट मोबिलिटी, स्टेडियम अनुभव, औद्योगिक रोबोटिक्स और परिवहन प्रौद्योगिकी जैसे चार नए क्षेत्रों पर भी विशेष फोकस रहेगा।
वैश्विक भागीदारी का महाकुंभ
IMC 2026 में 100 से अधिक देशों के 1.5 लाख से ज्यादा प्रतिभागियों के पहुंचने की उम्मीद है। 500 से अधिक साझेदार और प्रदर्शक, 600 से ज्यादा स्टार्टअप तथा 900 से अधिक विचारक इसमें शामिल होंगे। आयोजन में 2,000 से अधिक प्रौद्योगिकी उपयोग के उदाहरण और 120 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। यह मंच वैश्विक प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के दिग्गजों, स्टार्टअप्स, निवेशकों और नवोन्मेषकों को एक साथ लाएगा, ताकि डिजिटल इकोसिस्टम के उभरते अवसरों पर चर्चा हो सके।
