दिल्ली सरकार ने आगामी छठ पर्व से पहले बिहार के लिए विशेष अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने की व्यापक तैयारी कर ली है. इस योजना के तहत शुरुआती चरण में दिल्ली से बिहार के विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए 50 से अधिक एसी लग्जरी बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे हर साल त्योहार के समय ट्रेन टिकट की मारामारी से जूझने वाले यात्रियों को सुगम और आरामदायक सफर का विकल्प मिल सके.
एलजी की अंतिम मंजूरी का इंतजार, जल्द तय होगा किराया
इस पूरी योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए परिवहन विभाग ने अपनी फाइल आगे बढ़ा दी है. विभाग की ओर से इस संबंध में अंतिम मंजूरी के लिए उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू जी के पास प्रस्ताव भेज दिया गया है. जैसे ही वहां से हरी झंडी मिलेगी, बस सेवा को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जाएगी.
सात प्रमुख शहरों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
परिवहन विभाग के अनुसार, इस योजना के पहले चरण में दिल्ली को बिहार के सात प्रमुख शहरों के साथ सीधे सड़क मार्ग से जोड़ा जाएगा. इनमें राजधानी पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर समेत कुल सात महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं. इन चुनिंदा शहरों के लिए कुल 18 रूट्स पहले से ही चिह्नित किए गए हैं, जिनमें से शुरुआती चरण में सात प्रमुख रूट्स पर इन लग्जरी बसों का संचालन किया जाएगा. दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह का कहना है इस सीधी बस सेवा के शुरू होने से पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों को भारी सहूलियत होगी और वे बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के अपने घर तक पहुंच सकेंगे.
दिल्ली से बिहार की लंबी दूरी को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इलेक्ट्रिक बसों के बजाय हाई-एंड वोल्वो और एसी लग्जरी बसें चलाने की पुख्ता योजना बनाई गई है. इन बसों में यात्रियों के सफर को पूरी तरह से आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए आधुनिक सुविधाओं का ध्यान रखा गया है. इसके साथ ही, त्योहार के समय घर जाने वाले लोगों के भारी-भरकम सामान और सूटकेस आदि को सुरक्षित रखने के लिए बसों में पर्याप्त मात्रा में सामान रखने की जगह भी सुनिश्चित की गई है.
दिल्ली और बिहार सरकार के बीच इस महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय बस सेवा को लेकर पहले ही आपसी सहमति बन चुकी है और दोनों सरकारों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी सहमति बन चुकी है. अधिकारियों का कहना है कि एलजी की तरफ से अंतिम मुहर लगने के बाद ही इन बसों के किराए का आधिकारिक रूप से निर्धारण किया जाएगा, ताकि यह किराया आम जनता की जेब के अनुकूल हो सके.
त्योहार पर ट्रेन में कंफर्म टिकट की जद्दोजहद से मिलेगी मुक्ति
बता दें कि हर साल दीपावली और छठ के मौके पर दिल्ली से बिहार जाने वाली तमाम एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में महीनों पहले से लंबी वेटिंग लिस्ट शुरू हो जाती है. कई बार यात्रियों को भारी भीड़ के चलते जनरल डिब्बों में भी पैर रखने की जगह नहीं मिलती है. ऐसे में दिल्ली सरकार का लक्ष्य इस साल छठ पर्व से ठीक पहले इस बस सेवा को हर हाल में शुरू करने का है, ताकि लोग सपरिवार अपने घर जाकर धूमधाम से सूर्य उपासना का यह महापर्व मना सकें.
