नई दिल्ली, 06 नवंबर । दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने उत्तर-पूर्वी, पूर्वी, शाहदरा, दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के 40 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए, जबकि स्वच्छता मानकों में कमियां पाए जाने पर आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। वहीं, मंडोली एक्सटेंशन स्थित एक डेयरी में करीब 100 किलोग्राम दूषित खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।
विभागीय टीमों ने उत्तर-पूर्वी, पूर्वी और शाहदरा क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान खोया, पनीर, घी, कलाकंद, लड्डू, गुलाब जामुन और ड्राई फ्रूट गिफ्ट पैक सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 22 नमूने लिए। इस दौरान मंडोली एक्सटेंशन की एक डेयरी में दुर्गंधयुक्त खोया, रसगुल्ले तथा मच्छरों और मक्खियों से दूषित दूध पाया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलोग्राम मानव उपभोग के अयोग्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई।
इसी तरह दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में चलाए गए अभियान के तहत मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों सहित 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां से लड्डू, बर्फी, कलाकंद, रसगुल्ला, खोया, छेना, पनीर, घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर के 18 नमूने जांच के लिए लिए गए। इसके अलावा, निहाल विहार स्थित एक मिठाई निर्माण इकाई के खिलाफ मिली शिकायत पर भी कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान इकाई बिना भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के पंजीकरण के संचालित होती पाई गई। यहां से भी तीन नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता से जुड़े निर्धारित मानकों के अनुपालन की भी जांच की। कमियां पाए जाने पर आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग के अनुसार, खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट और निरीक्षण में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब हर परिवार तक पहुंचने वाली खाद्य सामग्री शुद्ध, सुरक्षित और स्वास्थ्य के अनुकूल हो। खाद्य पदार्थों में मिलावट, दूषित सामग्री की बिक्री और स्वच्छता मानकों की अनदेखी लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है। सरकार इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों की नियमित जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल अनियमितताओं पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे दिल्लीवासियों को पूरे वर्ष और विशेष रूप से त्योहारों के दौरान भरोसेमंद एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। जनस्वास्थ्य की रक्षा और उपभोक्ताओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
