नई दिल्ली, 18 नवंबर । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने अपने कई बड़े खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया। इनमें ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज ट्रेविस हेड का नाम भी शामिल हैं। टीम के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने हेड को रिलीज करने के फैसले की वजह बताई।
जियोस्टार के ‘टाटा आईपीएल 2027 रिटेंशन स्पेशल’ कार्यक्रम में विटोरी ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने खुद आगामी आईपीएल सीजन से दूर रहने का फैसला किया है, क्योंकि अगले साल ऑस्ट्रेलिया के लिए उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है।
विटोरी ने कहा कि इस बार खिलाड़ियों को रिटेन करने में कई बातें ध्यान में रखी गईं। यह मौजूदा चक्र का आखिरी साल है, इसलिए हम अपनी टीम के मुख्य खिलाड़ियों को बरकरार रखना चाहते थे। साथ ही, हमें कुछ क्षेत्रों में सुधार की जरूरत भी महसूस हुई। खिलाड़ियों की उपलब्धता हमारे लिए बहुत बड़ा मुद्दा थी।
उन्होंने आगे कहा कि ट्रेविस हेड पिछले तीन साल से हमारी टीम का अहम हिस्सा रहे हैं, लेकिन उन्होंने आगामी सीजन में नहीं खेलने का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलिया के लिए उनका आने वाला साल महत्वपूर्ण है और वह उसी को प्राथमिकता देना चाहते हैं। यह दुख की बात है कि वह हमारे साथ नहीं होंगे, लेकिन पिछले तीन साल में उनके योगदान के लिए हम उनके आभारी हैं।
डेनियल विटोरी ने बताया कि सनराइजर्स हैदराबाद आगामी ऑक्शन में ऐसे खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ना चाहेगी, जो टीम की मौजूदा जरूरतों और खेलने की शैली के अनुकूल हों। उन्होंने कहा कि हर टीम अपने स्क्वॉड और प्लेइंग इलेवन की कमजोरियों को पहचानकर उनमें सुधार करने की कोशिश करती है। हम ऐसे खिलाड़ियों की तलाश करेंगे, जो हमारी टीम के संतुलन को बेहतर बना सकें।”
सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच)
रिटेन खिलाड़ी: पैट कमिंस, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, ब्रायडन कार्स, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, हर्ष दुबे, स्मरन रविचंद्रन, प्रफुल हिंगे, साकिब हुसैन, शिवांग कुमार, क्रेन्स फुलेत्रा, ईशान मलिंगा, टी. नटराजन (ट्रेड), नाथन एलिस (ट्रेड), खलील अहमद (ट्रेड)।
रिलीज खिलाड़ी: ट्रेविस हेड, कामिंदु मेंडिस, जयदेव उनादकट, दिलशान मदुशंका, ओंकार टारमले, अमित कुमार, शिवम मावी, गेराल्ड कोएत्जी, डेविड पेन, आरएस अम्बरीश।
