नई दिल्ली, 20 नवंबर । लाल हित जनता पार्टी (एलएचजेपी) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के संबंध में की गई टिप्पणियों पर आपत्ति जताई है। पार्टी ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन एनएसए जैसे महत्वपूर्ण पदों के प्रति सार्वजनिक संवाद में मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। पार्टी ने राहुल गांधी से इसके लिए सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है।
पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय संयोजक अयन भटनागर और राष्ट्रीय प्रवक्ता अरित्र दास ने शुक्रवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में संगठन की भावी रणनीति और राजनीतिक प्राथमिकताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय में विभिन्न राज्यों से शिक्षित युवाओं, पेशेवरों और जागरूक नागरिकों का जुड़ाव बढ़ा है। पार्टी का उद्देश्य युवाओं की भागीदारी के माध्यम से देशभर में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना है। उन्होंने देशभर में संगठनात्मक विस्तार की घोषणा के साथ ही पार्टी के नए राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय पदाधिकारियों के नामों का ऐलान किया। पार्टी ने 5 दिसंबर से धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी।
