भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार के अलग-अलग इलाकों में देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है।
उत्तरी और मध्य भारत में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी ऐसी ही स्थिति रहेगी।
आईएमडी ने कहा कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के समीपवर्ती मैदानी इलाकों को प्रभावित करने की संभावना है, जिससे कल पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों तक दिल्ली एनसीआर में सुबह और रात के समय हल्का कोहरा और धुंध छाए रहने का अनुमान जताया है।
इस बीच, अगले दो दिनों के दौरान पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस और पश्चिम भारत में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
