नई दिल्ली।02 जनवरी बीए, बीएससी व बीकॉम जैसी पढ़ाई करने के बाद कोई बेकार न घूमे इसके लिए इन सभी कोर्सों में अब कौशल आधारित शिक्षा का तड़का लगेगा। इससे न सिर्फ इन कोर्सों की पढ़ाई और भी ज्यादा रुचिकर हो जाएगी बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
फिलहाल जो योजना बनाई गई है उनमें इतिहास, राजनीति विज्ञान और बायोलॉजी जैसे विषयों के साथ स्नातक की पढ़ाई करने वालों को अब इन कोर्सों के साथ एआई, डिजिटल मैपिंग व डेटा एनालसिस जैसी रोजगार परक शिक्षा भी दी जाएगी।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने अलग-अलग बटी शैक्षणिक और कौशल आधारित शिक्षा को एक साथ लाने की यह नई पहल शुरू की है। इसलिए एक मसौदा भी जारी किया है। साथ ही देश भर के विश्वविद्यालयों व उच्च शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों से इसे लेकर राय मांगी है। यूजीसी ने यह पहल नए क्रेडिट फ्रेमवर्क को अमल में लाने के बाद शुरू की है।
