राष्ट्रीय कार्यक्रमों में जन भागीदारी बढ़ाने के सरकार के प्रयास के तहत रविवार को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 76वें गणतंत्र दिवस परेड को देखने के लिए करीब 10,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। विशेष आमंत्रितों में दुर्घटना, रोकथाम और आपदा सहायता – AAPDA मित्र स्वयंसेवक, मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता – आशा कार्यकर्ता, किसान उत्पादक संगठन – FPO, पीएम किसान सम्मान निधि लाभार्थी, माई भारत स्वयंसेवक और अन्य शामिल हैं। इन स्वयंसेवकों और लाभार्थियों को शामिल करना सार्वजनिक सेवा और सुरक्षा के लिए समर्पित व्यक्तियों के योगदान को स्वीकार करने और सम्मानित करने के सरकार के प्रयास को दर्शाता है।
आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए आशा कार्यकर्ता मीना ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं को अक्सर उनके अपने क्षेत्र में कम महत्व दिया जाता है। हालांकि, उनका मानना है कि ऐसे आयोजनों में उन्हें आमंत्रित करने से उन्हें अधिक पहचान मिलेगी और जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
ये कार्यकर्ता और स्वयंसेवक आपदा प्रतिक्रिया और सार्वजनिक स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके योगदान को उजागर करने से न केवल उनके प्रयासों की सराहना होती है, बल्कि समाज में उनके महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलती है।
